InternationalTop News

श्रीलंका नौसेना ने 34 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। श्रीलंका की नौसेना ने दो अलग-अलग घटनाओं में गैर कानूनी तरीके से मछली पकड़ने के आरोप में कम से कम 34 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और तीन ‘ट्रॉलर’ जब्त किए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। नौसेना ने बताया कि श्रीलंकाई जलक्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान मन्नार जिले के तट पर 25 और 26 जनवरी को ये दोनों गिरफ्तारियां की गईं।

गिरफ्तार मछुआरों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है। इस सप्ताह की शुरुआत में यहां भारतीय उच्चायोग ने कहा कि श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध तरीके से मछली पकड़ने के लिए पहले भी इसी तरह गिरफ्तार किए गए 41 भारतीय मछुआरों को वापस स्वदेश भेज दिया गया है।

ठोस कदम उठाने की अपील

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने केंद्र सरकार से मछुआरों को छुड़ाने के लिए कार्रवाई का अनुरोध किया है। स्टालिन ने बताया है कि गिरफ्तार मछुआरों में से 32 तमिलनाडु और 2 केरल के लोग हैं। स्टालिन ने कहा- “हमारे मछुआरों को बार-बार हिरासत में लिए जाने से तटवर्ती क्षेत्र के समुदायों में अपने भविष्य को लेकर चिंता पैदा हो गई है। अब समय आ गया है कि हमारे मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गिरफ्तार किए जाने से रोकने के लिए ठोस कूटनीतिक कदम उठाए जाएं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH