NationalTop News

कोलकाता में भूकंप के तेज झटके, सड़कों पर भागते दिखे लोग, घर-ऑफिस किए खाली

कोलकाता। शुक्रवार दोपहर करीब 1:20 बजे कोलकाता में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे शहरभर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 आंकी गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, European-Mediterranean Seismological Centre (EMSC) ने इसकी पुष्टि की है। भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 35 किलोमीटर नीचे बताई गई है।

भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के Satkhira इलाके में बताया जा रहा है, जो खुलना डिवीजन के अंतर्गत आता है। झटकों का असर कोलकाता सहित आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किया गया।

शहर के साल्ट लेक और कालीघाट जैसे इलाकों में इमारतें हिलती महसूस हुईं। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अलमारियों और फर्नीचर में कंपन महसूस हुआ और कुछ सामान नीचे गिर गया। ऑफिसों में काम कर रहे कर्मचारी सीढ़ियों से उतरकर बाहर आ गए, जबकि आवासीय इलाकों में लोग खुली जगहों की ओर भागे।

कोलकाता के पुराने और संकरी गलियों वाले इलाकों में दहशत का माहौल अधिक देखा गया। कुछ सेकंड तक जमीन और घरों में कंपन महसूस होने के बाद लोगों को स्थिति समझ में आई। फिलहाल, किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH