Top NewsUttar Pradesh

हापुड़ में हाईवे पर स्टंटबाजी: शादी के काफिले ने NH-9 पर मचाया हुड़दंग, पुलिस ने काटा चालान

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर कानून व्यवस्था और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। कुछ युवकों ने शादी के काफिले के दौरान पूरे हाईवे को स्टंट जोन बना दिया, जिससे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई।

बताया जा रहा है कि यह घटना बीती रात की है, जब दूल्हे की कार के साथ करीब आठ गाड़ियों का काफिला गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट टोल प्लाजा की ओर जा रहा था। इसी दौरान काफिले में शामिल युवकों ने तेज रफ्तार में गाड़ियों को लहराते हुए खतरनाक स्टंट करना शुरू कर दिया।

घटना का वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में UP-15 नंबर की काली स्कॉर्पियो में सवार कई युवक गाड़ी की छत और खिड़कियों से बाहर लटकते हुए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा काफिले में शामिल अन्य लग्जरी गाड़ियां भी कभी तेज रफ्तार से आगे निकलतीं तो कभी अचानक पीछे होती दिखाई दीं, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जश्न के नाम पर बीच सड़क पर इस तरह की खतरनाक हरकतों से अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा हो गया। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में सामने आए इस वीडियो के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर काली स्कॉर्पियो के मालिक की पहचान कर ली है। वाहन मालिक शाहिद अली, निवासी सिसौली गढ़ रोड, मेरठ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7,000 रुपये का चालान किया गया है। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH