नई दिल्ली। बीजेपी नेता सोनाली फोगाट की संदिग्ध मौत के मामले में एक और खुलासा हुआ है। दरअसल सुधीर सांगवान को सोनाली फोगाट के लॉकर का पासवर्ड पता था। गोवा पुलिस के साथ वीडियो कॉल पर पूछताछ में उसने दो पासवर्ड बताए थे। इसमें एक पासवर्ड 3 डिजिट और दूसरा छह डिटिज का था जिससे लॉकर नहीं खुला। इसके बाद पुलिस ने लॉकर को सील कर दिया है। पुलिस के हाथ सोनाली फोगाट की तीन डायरी लगी हैं। इन डायरियों में सिर्फ सोनाली फोगाट के भाषण, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के फोन नंबर और कुछ खर्चों का लेखा-जोखा है। गोवा पुलिस टीम लॉकर को सील करने के अलावा इन डायरियों को अपने साथ ले गई है।
इससे पहले गोवा पुलिस ने खुलासा किया था कि सोनाली की करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी पर सुधीर की पैनी नजर थी। वो हर कीमत पर सोनाली का एक फार्महाउस 20 साल के लिए लीज पर लेना चाहता था । वह केवल 60 हजार रुपये हर साल देकर ये डील पक्की करना चाहता था। सुधीर सांगवान पर सोनाली को ड्रग्स देने का आरोप है। गोवा पुलिस के हाथ जो सीसीटीवी फुटेज लगे हैं, उसमें साफ दिख रहा है कि सोनाली को नशीले पदार्थ दिए गए थे।
गोवा पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट सोनाली फोगाट के परिवार के सदस्य आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर सकते हैं. परिवार के सदस्य इस मामले में सीबीआई जांच करवाने पर खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा है कि अगर गोवा सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश नहीं दिए तो परिवार न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा।



