उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में ईद के दिन हुए चर्चित सूर्या हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे।
पुलिस मुठभेड़ में असद के मारे जाने के बाद मृतक सूर्या के परिवार की प्रतिक्रिया सामने आई है। सूर्या की मां सरोज ने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी इसी तरह सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष जताते हुए शेष आरोपियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने की मांग की। सरोज ने यह भी मांग की कि हत्या के आरोपियों की संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए। उनका आरोप है कि ईद के दिन सूर्या को कुर्बानी दिखाने के बहाने बुलाया गया था, जहां उस पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। सूर्या की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों में भी आक्रोश देखा गया। शनिवार को जब सूर्या का शव उसके घर पहुंचा, तब बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




