लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ओमीक्रान वेरिएंट को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 134 है।
उत्तर प्रदेश के 38 जनपदों में कोविड का एक भी मरीज नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में गत दिवस तक 17 करोड़ 22 लाख 43 हजार से अधिक कोविड वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। 5 करोड़ 59 लाख 14 हजार से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज दी जा चुकी है।11 करोड़ 63 लाख 28 हजार से अधिक लोगों ने कोविड वैक्सीन की पहली डोज प्राप्त कर ली है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन 20 लाख वैक्सीन की डोज लगाए जाने का लक्ष्य रखा जाए। कोविड टीकाकरण को तेज करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 12 दिसम्बर, 2021 से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। इससे प्रदेश के 15 करोड़ जरूरतमन्द लोग लाभान्वित होंगे। खाद्यान्न वितरण की समुचित व्यवस्था की जाए।