नई दिल्ली। भारत ने वेस्टइंडीज को पहले टी20 में 68 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस मुकाबले में टॉस हाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने रोहित शर्मा के अधर्शतक और दिनेश कार्तिक की तूफानी पारी के दम पर बोर्ड पर 6 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। इस स्कोर का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 122 रन बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कायल मायर्स ने भुवनेश्वर और अर्शदीप के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर तेज शुरुआत करायी। अर्शदीप ने दूसरे ओवर में ही भुवनेश्वर के हाथों कैच कराकर मायर्स की छह गेंद में 15 रन की पारी को खत्म किया। अगले ओवर में रविन्द्र जडेजा ने जेसन होल्डर को खाता खोले बगैर बोल्ड किया तो वही भुवनेश्वर में छठे ओवर मेडन डालते हुए शामरा ब्रूक्स को पवेलियन की राह दिखायी। पावरप्ले में 42 रन पर तीन विकेट गंवा कर वेस्टइंडीज की टीम दबाव में थी।
कप्तान निकोलस पूरन ने हार्दिक पंड्या और रोवमन पॉवेल ने जडेजा के खिलाफ छक्का जड़कर दबाव कम किया। अश्विन ने आठवें ओवर में पंत के हाथों पूरन को कैच कराया तो वही रवि बिश्नोई ने पॉवेल को बोल्ड कर 12वें ओवर में वेस्टइंडीज की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया। टीम में वापसी कर रहे शिमरोन हेटमायर (14) को आउट कर अश्विन ने वेस्टइंडीज की जीत की उम्मीदों को कम किया जबकि बिश्नोई ने ओडिन स्मिथ को खाता खोले बगैर स्टंप कराकर भारत की जीत लगभग पक्की कर दी। इसके बाद वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने पूरे ओवर खेलने की औपचारिकता पूरी की।




