NationalTop News

‘क्रिमिनल वेस्ट’ वाले बयान पर घिरे तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी, इंजीनियरिंग छात्रों का अपमान करने का आरोप

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी अपने एक बयान को लेकर नए विवाद में घिर गए हैं। हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राज्य में इंजीनियरिंग शिक्षा और युवाओं की रोजगार क्षमता पर चिंता जताई। हालांकि, इस दौरान उन्होंने “क्रिमिनल वेस्ट” शब्द का इस्तेमाल किया, जिसे लेकर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। BRS और BJP ने मुख्यमंत्री पर इंजीनियरिंग छात्रों का अपमान करने का आरोप लगाया है।

‘कई इंजीनियरिंग ग्रेजुएट आवेदन फॉर्म भी नहीं भर पाते’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) उनके लिए दो आंखों की तरह हैं। उन्होंने बताया कि तेलंगाना में हर साल करीब 1.10 लाख छात्र इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करते हैं, लेकिन उनमें से बड़ी संख्या ऐसे युवाओं की है जो नौकरी के लिए आवेदन पत्र भी सही ढंग से नहीं भर पाते।

क्या कहा था मुख्यमंत्री ने?

रेवंत रेड्डी ने कहा कि यदि इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने वाले छात्रों को एक साधारण नौकरी का आवेदन पत्र भरने के लिए दिया जाए, तो उनकी वास्तविक क्षमता सामने आ जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से इस बात को खुद परखने की अपील करते हुए कहा कि कई छात्र न तो व्यावहारिक कौशल सीखते हैं और न ही इंजीनियरिंग के अलावा दूसरी नौकरियों के लिए तैयार होते हैं।

इसी दौरान उन्होंने इसे “क्रिमिनल वेस्ट” बताते हुए कहा कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद कई युवा छोटी नौकरियां स्वीकार नहीं करना चाहते, जबकि उनके पास आवश्यक कौशल भी नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि कई अभिभावक अपने बच्चों की डिग्री के आधार पर नौकरी की उम्मीद करते हैं, लेकिन उन्हें जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं होता।

विपक्ष ने साधा निशाना

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद BRS और BJP ने उन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने लाखों इंजीनियरिंग छात्रों और उनकी मेहनत का अपमान किया है। विपक्ष का कहना है कि सरकार को शिक्षा और रोजगार की व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए, न कि छात्रों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए। गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब रेवंत रेड्डी अपने बयान को लेकर विवादों में आए हों। इससे पहले भी दिसंबर 2025 में हिंदू धर्म से जुड़ी उनकी एक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH