आईपीएल 2026 को शुरू हुए लगभग एक महीना होने वाला है, लेकिन अब तक दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज Mahendra Singh Dhoni मैदान पर नजर नहीं आए हैं। पिंडली में खिंचाव के कारण वह अब तक टूर्नामेंट से बाहर चल रहे थे, जिससे न सिर्फ Chennai Super Kings बल्कि पूरे क्रिकेट फैंस उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अब धोनी की वापसी को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह जल्द ही मैदान पर लौट सकते हैं और शनिवार को हैदराबाद में होने वाले मुकाबले में खेलते हुए दिख सकते हैं।
पिछले कुछ मैचों में फिटनेस समस्या के चलते धोनी टीम के साथ यात्रा भी नहीं कर रहे थे और गुवाहाटी, बेंगलुरु व चेन्नई में खेले गए मुकाबलों से दूर रहे। लेकिन अब वह टीम के साथ हैदराबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। CSK ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर खिलाड़ियों की तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें धोनी भी नजर आए।
इसके अलावा, फ्रेंचाइजी ने उनका नेट प्रैक्टिस वीडियो भी साझा किया है, जिसमें वह अपने खास हेलीकॉप्टर शॉट की प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं। इन संकेतों से साफ है कि वह Sunrisers Hyderabad के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं, हालांकि टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगर इस मैच में भी धोनी नहीं खेलते हैं, तो उनके 23 अप्रैल को Mumbai Indians या 26 अप्रैल को Gujarat Titans के खिलाफ चेन्नई में होने वाले मुकाबलों में वापसी की पूरी संभावना है।
आईपीएल करियर की बात करें तो धोनी ने 278 मैचों में 242 पारियां खेलते हुए 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5,439 रन बनाए हैं। उनके नाम 24 अर्धशतक हैं और 84 नाबाद उनका सर्वोच्च स्कोर है। वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज भी हैं।




