प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को मनीला में कूटनीतिक गतिविधियां काफी अहम रहने वाली हैं। पीएम मोदी 23वें आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात भी प्रस्तावित है। इस दौरान भारत और अमेरिका समेत क्वाड देशों के बीच क्षेत्रीय सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।
मनीला में शाम 3 बजकर 45 मिनट पर क्वाड नेताओं की बैठक आयोजित होगी। इसमें पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के अलावा जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल होंगे। बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
क्वाड बैठक में चीन पर निर्भरता घटाने पर रहेगा जोर
क्वाड की इस बैठक में कई अहम मुद्दे एजेंडे में रह सकते हैं। इनमें समुद्री सुरक्षा को मजबूत करना, क्रिटिकल मिनरल्स और सेमीकंडक्टर की सप्लाई चेन को सुरक्षित बनाना प्रमुख हैं। इसके साथ ही तकनीकी क्षेत्र में चीन पर निर्भरता कम करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी जोर रहने की उम्मीद है। इसके अलावा हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों में बुनियादी ढांचे का विकास, जलवायु परिवर्तन से निपटने की रणनीति और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने पर भी चर्चा हो सकती है।
ईस्ट एशिया समिट में भी शामिल होंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर 12 बजे 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे उनकी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बातचीत में दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा होने की संभावना है।
भारत-आसियान संबंधों के लिहाज से भी अहम है दौरा
पीएम मोदी की इस यात्रा को भारत और आसियान देशों के बीच बढ़ते सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत और आसियान ने इस वर्ष को समुद्री सहयोग वर्ष के तौर पर मनाने का फैसला किया है। वहीं, वर्ष 2027 में भारत और आसियान के राजनयिक संबंधों के 35 साल पूरे होंगे। इसी साल व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष भी पूरे होंगे। ऐसे में मनीला में होने वाली बैठकों के जरिए दोनों पक्ष भविष्य के सहयोग की दिशा और प्राथमिकताओं पर भी विचार कर सकते हैं।




