EntertainmentTop News

‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर ने मचाई धूम, कियारा आडवाणी के सपोर्ट में उतरे सिद्धार्थ मल्होत्रा, बोले- ‘तुम्हारी बेहतरीन फिल्मों में से एक’

मुंबई: कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। ट्रेलर में यश दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। फिल्म में वह दो अलग-अलग भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं, कियारा आडवाणी भी अपने किरदार और यश के साथ केमिस्ट्री को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। फिल्म का पहला गाना ‘तबाही’ कुछ समय पहले रिलीज हुआ था, जिसमें यश और कियारा की केमिस्ट्री देखने को मिली। गाने में बोल्ड सीन्स को लेकर कियारा को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा। अब ट्रेलर रिलीज होने के बाद कियारा को उनके पति और अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा का खुलकर समर्थन मिला है।

सिद्धार्थ ने की कियारा की तारीफ

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर शेयर करते हुए कियारा की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कियारा के साथ-साथ फिल्म की पूरी टीम को भी शुभकामनाएं दीं। सिद्धार्थ ने लिखा कि कियारा की मेहनत, लगन और जुनून फिल्म में नजर आएगा और यह उनकी बेहतरीन फिल्मों में से एक होगी। उन्होंने निर्देशक गीतू मोहनदास, यश और पूरी टीम की भी तारीफ की और फिल्म देखने को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की।

यश भी कर चुके हैं कियारा का बचाव

सिद्धार्थ से पहले यश ने भी बेंगलुरु में आयोजित फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में कियारा की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि ट्रेलर में दर्शकों ने कियारा के प्रदर्शन की सिर्फ एक झलक देखी है। यश ने कियारा को मेहनती अभिनेत्री बताते हुए ट्रोलिंग पर ध्यान न देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक कलाकार को अपने फैसलों पर भरोसा रखना चाहिए और जिस चीज में विश्वास हो, उसे पूरी शिद्दत से करना चाहिए। यश के मुताबिक, दर्शक समय के साथ उस काम की सराहना जरूर करते हैं।

यश-कियारा की केमिस्ट्री बनी चर्चा का केंद्र

‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर में यश और कियारा के बीच शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। इससे पहले ‘तबाही’ गाने में भी दोनों की जोड़ी ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। अब सिद्धार्थ मल्होत्रा के रिएक्शन के बाद फिल्म और कियारा की परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश मुख्य भूमिका में हैं। उनके अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH