हिमाचल के चंबा जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना चंबा-नूरपुर नेशनल हाईवे पर ककीरा के पास घार क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 3 बजे एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में ड्राइवर समेत कुल 10 लोग सवार थे।
हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि वाहन में सवार सभी लोग गुजरात के पर्यटक थे, जो मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे। दुर्घटनाग्रस्त इनोवा मंडी नंबर की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। अभी तक दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।




