गाजियाबाद: साहिबाबाद के अर्थला इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच साल की बच्ची की जान चली गई। बच्ची अपनी मां के साथ स्कूल जा रही थी, तभी ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। हादसे में मां-बेटी दोनों ट्रॉली के नीचे दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। घटना अर्थला के बालाजी विहार इलाके की बताई जा रही है। न्यू हिंडन विहार निवासी मोहसिन की पांच वर्षीय बेटी इनाया अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह स्थानीय निजी स्कूल में LKG की छात्रा थी। शनिवार सुबह करीब सात बजे इनाया अपनी मां सुल्ताना के साथ स्कूल के लिए निकली थी।
सड़क पर जमा मिट्टी के चलते पलटी ट्रॉली
जानकारी के मुताबिक, इलाके में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसके चलते सड़क के किनारे मिट्टी और निर्माण सामग्री जमा थी। इसी दौरान ईंटें लेकर पहुंची ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया मिट्टी के ढेर पर चढ़ गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलट गई। उसी वक्त वहां से गुजर रही इनाया और उसकी मां उसकी चपेट में आ गईं। दोनों ट्रॉली के नीचे दब गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मां सुल्ताना ने बेटी को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन भारी ट्रॉली के कारण वह सफल नहीं हो सकीं। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद मां-बेटी को वसुंधरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान देर शाम पांच वर्षीय इनाया की मौत हो गई। वहीं, सुल्ताना को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बच्ची की मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में मातम छा गया।
हादसे के बाद चालक फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। ACP साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, पुलिस चालक की पहचान करने में जुटी है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




