RegionalTop News

हिमाचल में दर्दनाक हादसा: चंबा की खाई में गिरी पर्यटकों की कार, 8 लोगों की मौत की आशंका

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हादसा चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर हुआ, जहां पर्यटकों को लेकर जा रही एक एर्टिगा कार गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार लोगों में छत्तीसगढ़ के सात पर्यटक शामिल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना 29 मई की आधी रात को उस समय हुई, जब पर्यटक सच पास की ओर जा रहे थे। यह क्षेत्र बर्फ से ढके दुर्गम पहाड़ी रास्तों, खतरनाक मोड़ों और संकरी सड़कों के लिए जाना जाता है। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम, कम दृश्यता और सड़क पर फिसलन को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार सभी लोग लापता हो गए। प्रशासन और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे खोज अभियान के दौरान हादसे में किसी के भी जीवित बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि दुर्घटना की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। शुक्रवार रात तक किसी को भी हादसे का पता नहीं चला। शनिवार दोपहर कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने खाई में वाहन के अवशेष देखे, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और खोज अभियान शुरू किया गया। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है तथा मृतकों की पहचान और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH