नई दिल्ली। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रुख और सख्त होता नजर आ रहा है। अब ट्रंप ने वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को खुली चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि यदि रोड्रिगेज अमेरिका की शर्तों को नहीं मानतीं, तो उनका अंजाम मादुरो से भी ज्यादा गंभीर हो सकता है। यह धमकी ऐसे समय में सामने आई है, जब सत्ता परिवर्तन के बाद वेनेजुएला एक बेहद तनावपूर्ण दौर से गुजर रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के लिए बेहद कड़े और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया। ट्रंप ने कहा कि उन्हें हर हाल में अमेरिका की शर्तों पर काम करना होगा, अन्यथा उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। यह बयान ट्रंप ने अमेरिकी मैगजीन द अटलांटिक को फोन पर दिए एक इंटरव्यू में दिया। ट्रंप के मुताबिक, यदि रोड्रिगेज वह नहीं करतीं, जिसे अमेरिका वेनेजुएला के लिए सही मानता है, तो उन्हें इसकी “बहुत बड़ी कीमत” चुकानी पड़ेगी।
ट्रंप ने साफ तौर पर कहा कि अगर रोड्रिगेज ने “सही फैसले” नहीं लिए, तो उनके खिलाफ कार्रवाई मादुरो से भी ज्यादा कठोर हो सकती है। यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला में सत्ता संतुलन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है और राजनीतिक हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
हालांकि ट्रंप का यह बयान उनके पिछले दावे से उलट माना जा रहा है। एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की डेल्सी रोड्रिगेज से बातचीत हुई है और वह अमेरिका की शर्तों पर काम करने को तैयार हैं। तब ट्रंप ने दावा किया था कि रोड्रिगेज वेनेजुएला में आम लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए अमेरिकी सुझावों को अपनाने के लिए सहमत हैं।
रोड्रिगेज ने खारिज किया ट्रंप का दावा
डेल्सी रोड्रिगेज ने ट्रंप के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने न केवल बातचीत की बात से इनकार किया, बल्कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी और सत्ता से जबरन हटाए जाने की आलोचना भी की। रोड्रिगेज ने अमेरिका से मांग की कि मादुरो को तुरंत वेनेजुएला वापस भेजा जाए। उनके इस बयान के बाद अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव और गहरा गया है।




