InternationalTop News

इटली में वैसाखी समारोह के दौरान दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

इटली के बर्गामो प्रांत के कोवो शहर में वैसाखी समारोह के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुद्वारे से बाहर निकलते समय दो भारतीय नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय मीडिया के अनुसार यह घटना शुक्रवार देर रात, आधी रात से कुछ मिनट पहले हुई। ‘ला सिसिलिया’ अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, हमला शहर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के सामने वाले चौक पर हुआ। मृतकों की पहचान कोवो निवासी 48 वर्षीय रगिंदर सिंह और अग्नाडेल्लो में रहने वाले 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर अचानक दोनों व्यक्तियों के पास पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से कार में फरार हो गया। शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि यह कोई अचानक हुआ विवाद नहीं, बल्कि पूरी तरह से सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।

घटनास्थल से करीब दस खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर भी भारतीय मूल का था और वह उसी गुरुद्वारे में आता-जाता रहता था। गोलीबारी के दौरान एक तीसरा व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि इस घटना के अगले दिन शनिवार को उसी स्थान के पास स्थानीय प्रशासन और संस्थाओं के साथ मिलकर वैसाखी का आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इस दुखद घटना के बाद पूरे समुदाय में शोक और भय का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH