शोपियांः दक्षिण कश्मीर के शोपियां में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। कश्मीर जोन पुलिस के अधिकारी ने बताया कि जैनापोरा इलाके में आतंकियों के मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया। घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर भारी फायरिंग कर दी। इसके जबाव में एक आतंकी मारा गया है।
मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद हो गए हैं। फिलहाल सेना ने अभी उनके नामों का खुलासा नहीं किया है। अभी भी इलाके में सर्च अभियान जारी है। इससे पहले शुक्रवार को श्रीनगर के नौहट्टा इलाके के ख्वाजा बाजार में आतंकियों ने नापाक हरकत करते हुए ग्रेनेड हमला किया। हमले में पुलिस का एक जवान जख्मी हुआ है।
सड़क पर फेंके गए ग्रेनेड के धमाके से आसपास की तीन दुकानों के शीशे टूट गए और एक ऑटो भी क्षतिग्रस्त हुआ है। हमले के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश में संयुक्त अभियान चलाया। वहीं, वीरवार की शाम को शोपियां में दहशतगर्दों ने सीआरपीएफ नाके पर ग्रेनेड हमला किया था, जिसमें एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था।
एलओसी पर मारे गए घुसपैठियों से मिल रहे अमेरिकी हथियार: जीओसी चांदपुरिया
डैगर डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल अजय चांदपुरिया ने बताया कि एलओसी पर मारे गए आतंकवादियों से हथियार और विशेष उपकरण बरामद किए जा रहे हैं। इस तरह के हथियार घाटी में पहली बार देखने में मिल रहे हैं। इन हथियार को अमेरिकी सेना अफगानिस्तान में छोड़कर चली गई थी। इससे जाहिर है कि हथियारों के साथ वहां के आतंकी भी आ सकते हैं।




