वेस्टइंडीज में शुक्रवार (14 जनवरी) से अंडर-19 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने वाली है। 22 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 48 मैच खेले जाएंगे। युवाओं के वर्ल्ड कप में 16 टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम पांचवीं बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। टीम इंडिया को अपना पहला मैच 15 जनवरी (शनिवार) को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। इस बार भारतीय टीम की कप्तानी हरनूर सिंह के हाथों में है।
भारत ने वॉर्म-अप मैचों में शानदार प्रदर्शन किया। उसने मजबूत ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट और मेजबान वेस्टइंडीज को 108 रन से हराकर अपनी तैयारियों को पुख्ता किया है। टीम इंडिया को वर्ल्ड कप में ग्रुप-बी में रखा गया है। उसके साथ दक्षिण अफ्रीका के अलावा आयरलैंड और युगांडा की टीमें हैं।
भारत ने जीते सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप
अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम की बात करें तो इस मामले में भारत पहले स्थान पर है। उसने चार बार ट्रॉफी जीते हैं। भारतीय टीम साल 2000 में मोहम्मद कैफ, 2008 में विराट कोहली, 2012 में उन्मुक्त चंद और 2018 में पृथ्वी शॉ की कप्तानी में चैंपियन बनी थी। तीन बार फाइनल में उसे हार भी मिली है। 2006 में उसे पाकिस्तान, 2016 में वेस्टइंडीज और 2020 में बांग्लादेश ने हराया था।




