देहरादून। उत्तराखंड के बद्रीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ है। यहां नरकोटा के पास निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढहने से 9 लोग इसमें दब गए। इनमें से छह लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है जब कि 4 लोग अभी भी मलबे में दबे हैं। आपदा, पुलिस और प्रशासन की रेस्क्यू टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। इस पुल का निर्माण ऑल वेदर परियोजना के तहत किया जा रहा है। करीब 10 लोग इसके निर्माणकार्य में जुटे हुए थे. अचानक ही पुल का एक हिस्सा ढह गया।
बता दें कि उत्तराखंड में बारिश के रेड अलर्ट के बीच ये हादसा हुआ है। यहां के हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उत्तराखंड में 8 स्टेट हाईवे समेत कुल 88 रास्ते बंद हैं। बारिश की वजह से ये रास्ते खुल नहीं पाए हैं और बाधित हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, ऋषिकेश बद्रीनाथ राजमार्ग 56 पर नरकोटा के पास बन रहे एक बाईपास पुल पर सुबह करीब 9 बजे शटरिंग पलट गई। इसी वजह से हादसा हुआ, जिसमें कई लोग शटरिंग के नीचे दब गए। इसमें से 6 घायलों को रेस्क्यू कर लिया गया और हॉस्पिटल भेज दिया गया। वहीं कई लोग इसमें अभी भी फंसे हुए हैं। जिनको बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।




