City NewsRegional

उन्नाव: फर्राटा पंखे में उतरा करंट, एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत

उन्नाव। यूपी के उन्नाव में करंट की चपेट में आकर एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई. इनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं. ये हादसा घर में रखे फर्राटा फैन में करंट आ जाने की वजह से हुआ. इस घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.

खबर के मुताबिक थाना बारासगवर क्षेत्र के लालमन खेड़ा गांव में रहने वाले वीरेंद्र कुमार और उनकी पत्नी खेत में मजदूरी करने गए थे. उनके चार बच्चे मयंक (9), हिमांशी (8), हिमांक (6) और मानसी (4) घर पर अकेले थे. चारों बच्चे खेल रहे थे, इसी बीच घर में रखे फर्राटा पंखे में करंट उतर गया और एक बच्चा उसकी चपेट में आ गया.

बच्चे की चीख सुनकर बाकी बच्चे भी वहां पहुंचे और एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में करंट की चपेट में आते चले गए.पड़ोसियों की सूचना पर वीरेंद्र और उनकी पत्नी घर पहुंचे तो चारों बच्चों को देखकर बदहवास हो गए. दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मां बच्चों से लिपट कर बिलख-बिलखकर रोती दिखी. इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH