Top NewsUttar Pradesh

यूपी पुलिस में इस साल 1 लाख भर्ती की तैयारी, होमगार्ड से लेकर एसआई तक पदों पर होगी नियुक्ति

योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 936 प्रधान परिचालक/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कानून का राज किसी भी राज्य के विकास की पहली और सबसे जरूरी शर्त होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण ही आज देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ निवेश के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध है।

उन्होंने भर्ती प्रक्रिया पर जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में होमगार्ड में 41,000 से अधिक पदों के लिए परीक्षाएं संपन्न हुई हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष करीब 1 लाख नई भर्तियां करने जा रहा है। इनमें होमगार्ड, सिविल पुलिस और सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य को गुंडा, दंगा और माफिया मुक्त बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के चलते ही राज्य देश की आर्थिक प्रगति में अपनी मजबूत भागीदारी निभा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को भी पुलिस बल में शामिल किया है। इसका परिणाम यह है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और लगातार पदक जीत रहे हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH