अमेरिका के टेक्सास में अमेरिकी सेना का AH-64 अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर क्रैश होने से दो पायलटों की मौत हो गई। हादसा सालाडो के पास रूटीन ट्रेनिंग उड़ान के दौरान हुआ। क्रैश के बाद हेलीकॉप्टर एक खेत में जा गिरा और उसमें भीषण आग लग गई। सैन्य अधिकारियों ने दोनों पायलटों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, उनके नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, परिवारों को घटना की जानकारी दिए जाने के बाद ही मृतकों की पहचान जारी की जाएगी।
खेत में गिरते ही लगी भीषण आग
यह हेलीकॉप्टर फोर्ट हुड में तैनात था और 1st कैवेलरी डिवीजन का हिस्सा था। हादसा ऑस्टिन से करीब 50 मील उत्तर में FM 2843 के पास एक ग्रामीण इलाके में हुआ। हेलीकॉप्टर किसी घर या इमारत से नहीं टकराया, लेकिन जमीन पर गिरते ही आग भड़क उठी। हेलीकॉप्टर के क्रैश होने के बाद खेत में लगी आग तेजी से फैल गई और करीब 100 एकड़ जमीन इसकी चपेट में आ गई। आग पर काबू पाने में दमकल और आपातकालीन कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आसपास के लोगों को निकाला गया, सड़कें बंद
आग तेजी से फैलने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को एहतियातन इलाके से बाहर निकाला गया। सुरक्षा कारणों से आसपास की कुछ सड़कों को भी बंद करना पड़ा। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में हेलीकॉप्टर का जला हुआ मलबा, आसमान में उठता घना धुआं और राहत एवं बचाव कार्य में जुटे इमरजेंसी कर्मचारी दिखाई दिए।
हादसे की वजह की जांच शुरू
सैन्य अधिकारियों ने बताया कि हादसा ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान हुआ। फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच टीम क्रैश के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों की ओर से पायलटों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी परिवारों को सूचित किए जाने के बाद साझा किए जाने की बात कही गई है।




