InternationalTop News

ISIS पर अमेरिका का बड़ा हमला, ट्रंप ने टॉप आतंकी कमांडर के मारे जाने का किया दावा

अमेरिका ने वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ISIS के शीर्ष कमांडरों में शामिल अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट साझा कर इस संयुक्त सैन्य अभियान की जानकारी दी। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने नाइजीरिया की सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर यह ऑपरेशन अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद कठिन और संवेदनशील मिशन था, जिसे लंबी तैयारी और खुफिया जानकारी के आधार पर सफल बनाया गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि अबू-बिलाल अल-मिनुकी ISIS का वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा कमांडर था। वह अफ्रीका में छिपकर आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा था और कई आतंकी साजिशों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को उसके ठिकानों और गतिविधियों की सटीक जानकारी थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस अभियान में अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज, इंटेलिजेंस एजेंसियों और नाइजीरिया की सेना ने मिलकर काम किया। माना जा रहा है कि अल-मिनुकी के मारे जाने से ISIS के वैश्विक नेटवर्क और उसकी ऑपरेशनल क्षमता को बड़ा झटका लगा है।

ट्रंप ने इस ऑपरेशन में सहयोग के लिए नाइजीरिया सरकार और सुरक्षा बलों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा और दुनिया भर में आतंकियों को निशाना बनाता रहेगा। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में अफ्रीका के कई हिस्सों में ISIS और उससे जुड़े आतंकी संगठनों की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। इसी वजह से अमेरिका और अफ्रीकी देशों के बीच आतंकवाद विरोधी सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH