लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी की कथित विवादित टिप्पणी को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला है। बसपा सुप्रीमो ने ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए बयान पर नाराजगी जताते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की बात कही है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सपा प्रवक्ता की टिप्पणी को लेकर समाज में स्वाभाविक आक्रोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है और सपा नेतृत्व की चुप्पी से मामला और गंभीर होता दिखाई दे रहा है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि इस बयान से ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, इसलिए सपा नेतृत्व को तुरंत संज्ञान लेते हुए समाज से क्षमा याचना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा करना राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से उचित होगा। मायावती ने आगे आरोप लगाया कि इस पूरे विवाद से सपा का जातिवादी रवैया एक बार फिर सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि बसपा ने हमेशा सर्वसमाज को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी देने का काम किया है, जिसमें ब्राह्मण समाज भी शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में ब्राह्मण समाज के बीच असंतोष का माहौल दिखाई दे रहा है और विभिन्न दलों के रवैये को लेकर चर्चा हो रही है। दरअसल, सपा नेता राजकुमार भाटी के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। सोशल मीडिया पर बयान वायरल होने के बाद कई संगठनों और लोगों ने इसका विरोध किया और कार्रवाई की मांग उठाई।
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद राजकुमार भाटी ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी मंशा किसी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को उनके बयान से दुख पहुंचा है तो उन्हें इसका खेद है।




