लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में शूटिंग रेंज का नाम अब ‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर के नाम पर रखे जाने का एलान किया है। बता दें कि ‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर का 30 अप्रैल को मेरठ के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह कोरोना से जंग लड़ रहीं थीं लेकिन इससे उबर नहीं पाईं।
सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा कि नोएडा में स्थापित शूटिंग रेंज को अब ‘चन्द्रो तोमर जी’ के नाम से जाना जाएगा। ख्यातिलब्ध निशानेबाज ‘चन्द्रो तोमर जी’ जीवटता, जिजीविषा और नारी सशक्तीकरण की अप्रतिम प्रतीक हैं। उनके नाम पर शूटिंग रेंज का नामकरण युवाओं के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा:
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘नोएडा में स्थापित शूटिंग रेंज को अब प्रख्यात निशानेबाज, जीवटता, जिजीविषा व नारी सशक्तिकरण की प्रतीक ‘चन्द्रो तोमर जी’ के नाम से जाना जाएगा।’चन्द्रो तोमर जी’ के नाम पर शूटिंग रेंज का नामकरण, यूपी सरकार के “मिशन शक्ति” अभियान की भावनाओं के अनुरूप मातृ शक्ति को नमन है।’
बता दें कि दादी चंद्रो तोमर यूपी के बागपत जिले में गांव जोहड़ी की रहने वाली थी। रिवाल्वर चलाने में माहिर दादी ने शूटिंग में 25 नेशनल चैम्पियनशिप जीते। इन्होने 65 साल की उम्र में प्रैक्टिस शुरू की थी। इन्हें दुनिया की सबसे ज्यादा उम्र की शूटर होने का खिताब भी हासिल है।




