Uttar Pradeshमुख्य समाचार

प्रदेश में की गई 6.50 करोड़ से अधिक कोविड टेस्टिंग, देश में सर्वाधिक: नवनीत सहगल

लखनऊ। अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ श्री नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री जी के 3टी ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट अभियान के साथ-साथ अभिनव प्रयोग करते हुए आशिंक कोरोना कर्फ्यू तथा टीकाकरण से प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को नियंत्रित करने में सफलता मिली है। इस अभिनव प्रयोग में कोरोना संक्रमण में निरन्तर कमी आ रही है। प्रदेश में संक्रमण अन्य प्रदेशों की तुलना में न्यूनतम स्तर पर है। उन्होंने बताया कि  मुख्यमंत्री जी द्वारा 18 मण्डलों व 40 जनपदों में जाकर स्वंय गांव/शहर निगरानी समितियों से वार्ता, कन्टेनमेंट जोन/कोविड-19 से रिकवरी करने वाले से वार्ता और इन्ट्रीग्रेटेड कन्ट्रोल रूम तथा कोविड अस्पतालों में स्थलीय निरीक्षण किया तथा समस्या का निराकरण भी किया। उन्होंने बताया कि 3टी के कारण ही 30 अप्रैल, 2021 के एक्टिव मामले 3,10,783 घटकर 700 से कम हो गये है तथा 30 अप्रैल के प्रतिदिन कोविड केस 38 हजार से घटकर 30 से कम हो गये है। प्रदेश में सक्रिय मामले कम होने पर भी कोविड-19 के टेस्ट करने की संख्या घटाई नहीं जा रही हैं। प्रदेश में 06.50 करोड़ से अधिक कोविड टेस्टिंग की गयी है जो देश में सर्वाधिक है। प्रदेश में कोविड टीकाकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक 04 करोड़ 84 लाख से अधिक कोविड की डोज दी जा चुकी है।

नवनीत सहगल ने बताया कि निगरानी समितियों तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के माध्यम से घर-घर सर्वेक्षण करके संक्रमण की जानकारी ली जा रही है तथा टेस्ट भी कराये गये, इसके साथ-साथ लगभग 16 लाख से अधिक मेडिकल किट भी बांटी गयी है। उन्होंने बताया कि सर्विलांस के माध्यम से सरकारी मशीनरी द्वारा उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ की जनसंख्या में से अब तक लगभग 17.25 करोड़ से अधिक लोगों से उनका हालचाल जाना गया है। श्री सहगल ने बताया मुख्यमंत्री जी द्वारा कोविड-19 प्रबंधन हेतु गठित टीम-09 में निर्देश दिये है कि कोरोना संक्रमण की नियंत्रित स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सभी शिक्षण संस्थानों में नवीन सत्र प्रारम्भ करने की तैयारी की जाए। ऐसे में स्नातक स्तर पर दाखिले की प्रक्रिया 05 अगस्त से प्रारंभ कर दी जाये। स्वाधीनता दिवस के दिन स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव से जोड़ कर आयोजन किया जाये। 16 अगस्त से माध्यमिक शिक्षण संस्थान में पठन-पाठन प्रारम्भ किया जाए। उच्च शिक्षण संस्थानों में पठन-पाठन एक सितंबर से प्रारम्भ करने की तैयारी की जाए। मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिये है कि शिक्षण संस्थानों के प्रारम्भ होने के साथ 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों के टीकाकरण के विशेष अभियान चलाया जाए। सत्र प्रारम्भ होने से पूर्व सभी परिषदीय विद्यालयों में स्वच्छता/सैनिटाइजेशन कराई जाए। प्रधानमंत्री जी 05 अगस्त को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत प्रदेश के राशन कार्ड धारकों से संवाद करेंगे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH