Top NewsUttar Pradesh

आज प्रदेश में अपराधी और माफिया भयभीत हैं, बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। बीजेपी महिला मोर्चा कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक 42 लाख से अधिक नागरिकों को यूपी सरकार ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवास उपलब्ध कराएं हैं और इसमें अधिकतर मालिकाना हक महिलाओं को ही उपलब्ध कराया गया है। आज की महिला पिछलग्गू नहीं, बल्कि समाज का नेतृत्व करने वाली है।

उन्होंने कहा कि आज अपराधी और माफिया भयभीत हैं, बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। सुरक्षा का यह वातावरण वर्तमान सरकार ने प्रदेश की बेटियों को दिया है। उत्तर प्रदेश के हर शहर में प्रत्येक व्यक्ति को एहसास है कि सुरक्षा का नया वातावरण उन्हें प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि तीन तलाक की कुप्रथा के कारण सैकड़ों वर्षों से भारतीय मुस्लिम नारी पीड़ित थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कुप्रथा को समाप्त कर महिलाओं को इंसाफ दिलाया है। हमारा दायित्व बनता है कि उन सभी बहनों को अपने साथ जोड़ें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के हित में कई कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। सरकार मिशन शक्ति अभियान चला रही है। इसमें महिला सुरक्षा, महिला सम्मान और महिला स्वावलंबन को प्रमुखता दी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहली बार सुप्रीम कोर्ट में 3 महिला जज बनाई गई हैं। देश में सबसे अधिक महिला राज्यपाल मोदी के कार्यकाल में बनाई गईं. वित्त मंत्रालय भारत की एक महिला के हाथों में है जो पिछले कार्यकाल में देश की रक्षा मंत्री भी थीं. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज रहीं तो सुमित्रा महाजन ने लोकसभा स्पीकर बनकर देश को नेतृत्व दिया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH