नई दिल्ली। कभी क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के साथ अपना क्रिकेटिंग करियर शुरू करने वाले विनोद कांबली आज पाई-पाई के मोहताज हो गए हैं। हालात ये हैं कि बीसीसीआई से मिलने वाली 30 हजार मासिक पेंशन के अलावा उनके पास इनकम का कोई सोर्स नहीं हैं। इतना ही नहीं विनोद कांबली का कहना है कि सचिन मेरी हालत के बारे में जानते हैं लेकिन मुझे उनसे मदद की कोई उम्मीद नहीं है। मिड-डे को दिए इंटरव्यू में कांबली ने कहा, ‘मुझे क्रिकेट से जुड़े असाइनमेंट्स की जरूरत है, जहां मैं युवा क्रिकेटरों के साथ काम कर सकूं। मुझे पता है कि मुंबई ने अमोल मजूमदार को अपने कोच के रूप में रिटेन कर लिया है, लेकिन अगर कहीं भी मेरी जरूरत है, तो मैं मौजूद हूं।’
कांबली ने आगे कहा, ‘हम साथ खेल चुके हैं और हम अच्छी टीम बनाते हैं। मैं वही करना चाहता हूं। मैं मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) से मदद मांग चुका हूं। मैं क्रिकेट इम्प्रूवमेंट कमिटी का भी हिस्सा बना। मेरा परिवार है, मुझे जिसकी देखरेख करनी है।’ कांबली ने कहा कि मैं एक्स क्रिकेटर हूं और अब पूरी तरह से बीसीसीआई की पेंशन पर जी रहा हूं। मेरी इनकम का सोर्स सिर्फ ये पेंशन है और इसके लिए मैं उसका दिल से आभारी हूं।
कांबली ने आगे कहा- मुझे अब किसी भी सूरत में काम चाहिए, ताकि मैं उभरते क्रिकेटरों की मदद कर सकूं और बदले में मुझे कुछ इनकम हो। मैं जानता हूं कि क्रिकेट छोड़ने के बाद आपके लिए कोई क्रिकेट नहीं होता, लेकिन अगर आपको जिंदगी में स्थिरता चाहिए तो काम भी जरूरी है। मैं एमसीए प्रेसिडेंट से दरख्वास्त करता हूं कि मेरे लिए कोई काम हो तो मैं उसे करने को तैयार हूं।




