नई दिल्ली। टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली भी हांग कांग के खिलाफ खेली गई सूर्यकुमार यादव की ताबड़तोड़ पारी के मुरीद हो गए हैं। सूर्यकुमार ने हांग कांग के खिलाफ 26 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली। सूर्यकुमार की धमाकेदार पारी के बाद कोहली बल्लेबाज के सामने झुक गए। दरअसल, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ भारत की पहली पारी समाप्त होने के बाद से कोहली का सूर्यकुमार यादव को नतमस्तक करने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। दोनों बल्लेबाजों के अर्धशतक के बाद प्रशंसक हैरान रह गए और कोहली ने सूर्यकुमार यादव की सराहना की। सूर्यकुमार यादव ने पहली बार ऐसी पारी नहीं खेली है। वे इंटरनेशनल, आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में ऐसा कई बार कर चुके हैं।
सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अंतिम 7 ओवर में 14 की रेन रेट से 98 रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने 26 गेंदों पर लगाकर 261.53 की स्ट्राइक रेट से 68 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें 6 चौकों के साथ 6 आकर्षक छक्के भी शामिल थे। इस मुकाबले में सूर्या ने अपना बेस्ट दिया। उन्होंने अपने स्टाइल में 360 डिग्री पर मैदान के चारों ओर कलात्मक शॉट लगाए। ये पारी इतनी बड़ी थी कि खुद विराट ने भी उन्हें झुककर सलाम किया।
वहीं कोहली एकबार फिर से फॉर्म में वापसी करते दिखे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मुकाबले से इतर बेदाग पारी खेली। वे पांचवें ओवर में आए और आखिर तक आउट नहीं हुए। 33 साल के विराट ने 44 गेंदों पर 134.09 की रन रेट से 59 रन बनाए।




