नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 7 और 8 अप्रैल को सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान राजधानी में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिन में एक-दो बार हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। साथ ही 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अनुमान है। शाम के समय एक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि बादलों की मौजूदगी के कारण दिन का तापमान कम रहता है और रात में गर्मी बाहर नहीं निकल पाती, जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जाती है। मंगलवार के बाद तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। तापमान की बात करें तो रविवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो बुधवार तक घटकर 28 से 30 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बारिश और तेज हवाओं का असर दिल्ली की हवा पर भी पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार शाम 4 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 137 (मध्यम) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह 266 (खराब) था। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। शिमला मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे लाहौल-स्पीति और कुल्लू में ताजा हिमपात हुआ है। गोंडला में 13 सेमी, केलांग और हंसा में 7.5 सेमी तक बर्फबारी दर्ज की गई है। कई स्थानों पर तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। वहीं राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों में कई जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
आने वाले दिनों में मौसम और सक्रिय रहेगा। 7 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि 8 अप्रैल को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी तैयार फसलों और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढक दें, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान से बचा जा सके।




