SportsTop News

7 अगस्त को होंगे भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव, SC के आदेश के बाद रास्ता साफ

नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के चुनाव सात अगस्त को होंगे। चुनाव पहले 11 जुलाई को होने वाले थे, लेकिन असम कुश्ती संघ की चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का अधिकार मांगने वाली याचिका के बाद गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने चुनाव पर रोक लगा दी थी।

गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने निर्वाचक मंडल के लिए नाम जमा करने की आखिरी तारीख 25 जून को चुनाव पर रोक लगा दी थी। SC ने मंगलवार (17 जुलाई) को इस आदेश पर रोक लगा दी थी। इस फैसले के बाद चुनाव का रास्ता साफ हो गया। सूत्रों के हवाले से चुनाव की नई तारीखों के बारे में बताया।

असम कुश्ती संघ ने दावा किया था कि वह मतदान के अधिकार के साथ डब्ल्यूएफआई का संबद्ध सदस्य बनने का हकदार है, लेकिन 15 नवंबर 2014 को इसकी कार्यकारी समिति की सिफारिश के बावजूद WFI ने इसे मान्यता देने से इनकार कर दिया था। खेल मंत्रालय द्वारा निलंबित किए जाने से पहले WFI ने चुनाव की तारीख सात मई तय की थी।

खेल मंत्रालय ने WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह द्वारा महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए एक निगरानी समिति नियुक्त करने का फैसला लिया था। साथ ही WFI को अपनी सभी चल रही गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया था। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदर्शनकारी पहलवानों से मुलाकात के बाद कहा था कि WFI के चुनाव 30 जून तक होंगे।

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने तब घोषणा की थी कि चुनाव चार जुलाई को होंगे लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने नई तारीख छह जुलाई तय की थी। हालांकि, पांच असंबद्ध राज्य निकायों द्वारा मतदान पात्रता के लिए दावा पेश करने के बाद रिटर्निंग अधिकारी को 11 जुलाई को नई मतदान तिथि निर्धारित करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH