प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने राजनीतिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार कर्नाटक के मैसूरु से उनकी एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान जब बुजुर्ग महिला की तबीयत अचानक खराब हुई तो प्रधानमंत्री ने खुद आगे बढ़कर उनका हालचाल जाना और उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दिलाने की व्यवस्था की।
यह घटना शुक्रवार को मैसूरु में कॉसमॉस तारामंडल (कॉसमॉस प्लैनेटेरियम) के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि नंजनगुड टाउन म्युनिसिपैलिटी की पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी कार्यकर्ता प्रेमा सिम्बैया को अचानक चक्कर आने लगे। उनकी हालत देखकर वहां मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई।
महिला की तबीयत बिगड़ते ही पीएम मोदी ने जाना हाल
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजर बुजुर्ग महिला पर पड़ी, वह खुद उनके पास पहुंच गए। उन्होंने महिला की स्थिति के बारे में जानकारी ली और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा। महिला को संभालने के लिए जूस दिया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने अपने काफिले के साथ मौजूद डॉक्टर को भी उनकी उचित देखभाल करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें समय पर जरूरी चिकित्सा सहायता मिल सके। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें बीजेपी महिला मोर्चा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की हैं। तस्वीरों में प्रधानमंत्री महिला की मदद करते नजर आ रहे हैं।
बीजेपी महिला मोर्चा ने शेयर की तस्वीरें
बीजेपी महिला मोर्चा ने तस्वीरें साझा करते हुए प्रधानमंत्री के इस कदम की सराहना की। पोस्ट में बताया गया कि करीब 70 वर्षीय प्रेमा के. की तबीयत बिगड़ने पर प्रधानमंत्री ने खुद उनका हाल जाना और डॉक्टरों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए कहा। पोस्ट में कहा गया कि जरूरत के समय मदद के लिए आगे आना और लोगों की चिंता करना ही एक जनसेवक की पहचान है। पार्टी ने इस घटना को प्रधानमंत्री के संवेदनशील व्यवहार का उदाहरण बताया।
मैसूरु में पीएम मोदी का हुआ जोरदार स्वागत
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैसूरु पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया था। बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने भी इस स्वागत का वीडियो अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘धन्यवाद मैसूरु, कल आप लोग कमाल के थे!’
कर्नाटक को 15 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक दौरे के दौरान राज्य के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की जा रही है। इससे पहले बेंगलुरु में मेट्रो की पिंक लाइन के उद्घाटन के दौरान भी एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और राज्यपाल के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। मेट्रो को हरी झंडी दिखाने के दौरान पीएम मोदी और मुख्यमंत्री ने एक साथ झंडा लहराया। कर्नाटक दौरे की इन तस्वीरों और घटनाओं के बीच मैसूरु में बुजुर्ग महिला की मदद करते प्रधानमंत्री का वीडियो और तस्वीरें खास तौर पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।




