Top NewsUttar Pradesh

‘सत्ता में रहते अखिलेश को क्यों याद नहीं आए कश्यप-प्रजापति?’, ओपी राजभर का सपा प्रमुख से तीखा सवाल

कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज अखिलेश यादव सत्ता से बाहर हैं, तो उन्हें पिछड़ी जातियों की अहमियत समझ आ रही है। लेकिन जब वे सत्ता में थे, तब केवल अपनी जाति को आगे बढ़ाने में लगे हुए थे। तब उन्होंने कश्यप, प्रजापति, पाल, नाई, गोंड़ और बंजारा जैसी जातियों के लिए कुछ नहीं किया।

‘गैर यादव पिछड़ों से अखिलेश को कोई लेना-देना नहीं’

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पूरा देश जानता है कि अखिलेश यादव केवल अपनी जाति को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि जब वो सपा के साथ सरकार में थे, तब अखिलेश यादव से पिछड़ों को प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाते थे। लेकिन तब अखिलेश यादव पूछते थे कि ये कौन लोग हैं और कहां रहते हैं। आज जब जनता ने इन्हें सत्ता से बाहर कर दिया तो उन्हें इनके सम्मान की चिंता सता रही है।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को पिछड़ों और दलितों से कोई मतलब नहीं है। बस वो चुनाव जीतने के लिए पीडीए का ढोंग फैला रहे हैं। लेकिन यूपी की जनता अब सपा के काले इरादों को समझ चुकी है।

‘संविधान खतरे में नहीं, अखिलेश को परिवार बचाने की चिंता’

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को संविधान की चिंता नहीं है। बल्कि उनकी पूरी कोशिश है कि उनका परिवार राजनीति में बना रहे। इसके लिए वे लगातार जनता के बीच भ्रम और झूठ फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी के रहते हुए संविधान को कोई खतरा नहीं हो सकता।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH