National

दिल्ली में कोरोना से महिला की मौत, एक्टिव केस 2700 के पार, अब तक 7 लोगों की गई जान

नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी ने एक बार फिर लोगों को डराना शुरू कर दिया है। हाल ही में सामने आए आंकड़ों के अनुसार, देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2710 हो गई है। इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना से 7 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दिल्ली की एक 60 वर्षीय महिला भी शामिल हैं, जो इस साल राजधानी में वायरस से दूसरी मौत है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 30 मई सुबह 8 बजे तक के जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में जिन राज्यों में मौतें दर्ज की गई हैं, उनमें दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब और तमिलनाडु से एक-एक मौत शामिल है, जबकि महाराष्ट्र में दो मौतें दर्ज की गई हैं। यह आंकड़े लगातार बदल रहे हैं और 31 मई तक इनमें और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।

राज्यवार कोविड केस स्थिति (30 मई तक)

केरल: 1147 एक्टिव केस (सबसे अधिक)

महाराष्ट्र: 424 केस

दिल्ली: 294 केस

गुजरात: 223 केस

कर्नाटक: 148 केस

तमिलनाडु: 148 केस

पश्चिम बंगाल: 116 केस

जनवरी 2025 की शुरुआत के बाद से मामलों में यह सबसे तेज़ वृद्धि मानी जा रही है। विशेष रूप से 25 मई को कोविड मामलों में अचानक पाँच गुना उछाल देखा गया, जब केसों की संख्या 1000 के पार चली गई।

सावधानी और सतर्कता जरूरी

विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना वायरस के नए वेरिएंट की तेज़ी से फैलने की क्षमता इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण हो सकती है। ऐसे में लोगों को फिर से मास्क पहनने, भीड़ से बचने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH