City NewsRegional

टोल टैक्स मांगने पर महिलाकर्मी को जड़ा थप्पड़, जान से मारने की दी धमकी

भोपाल। टोल बूथों पर हिंसा की घटनाएं दिन ब दिन आम होती जा रही हैं। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा-भोपाल बाईपास पर स्थित कचनारिया टोल प्लाजा पर महिलाकर्मी से गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया है। टोल प्लाजा पर महिला कर्मचारी द्वारा बिना टैक्स चुकाए जाने देने से इंकार करने पर एक युवक ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। घटना शनिवार दोपहर 3 बजे की बताई जा रही है। ये घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है और तेज़ी से वायरल हो रही है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति गुस्से में महिलाकर्मी की ओर बढ़ता है फिर उसके मुँह पर थप्पड़ जड़ देता है। महिला भी उसे अपने जूते से मारती हुई दिख रही है।

युवक का नाम राजकुमार गुर्जर बताया जा रहा है, जो कि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसवंत गुर्जर और वर्तमान ब्यावरा जनपद अध्यक्ष जगदीश गुर्जर का भतीजा है। युवक की कार बिना फ़ास्ट टैग- इलेक्ट्रॉनिक टोल पेमेंट सिस्टम के थी। युवक का दावा था की वह एक स्थानीय है इसलिए उसे टोल शुल्क का भुगतान करने से छूट देनी चाहिए। लेकिन उसके पास ये साबित करने के लिए कोई दस्तावेज़ नहीं था। वह बिना टोल दिए निकलने की ज़िद कर रहा था। वहीँ महिला कर्मचारी उसे बार-बार टोल टैक्स देने को कह रही थी।

बार-बार कहने के बाद भी जब युवक ने टैक्स न दिया तब महिलाकर्मी ने गेट खोलने से मना कर दिया। इसके बाद युवक को गुस्सा आया और फिर वो महिला के पास आकर बहस करने लगा और गाली देने लगा। काफी बहस होने के बाद महिला अपनी कुर्सी पर खड़ी हो गयी और युवक ने उसे ज़ोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद महिला को भी गुस्सा आया और उसने चप्पल निकाल कर युवक को पीट दिया। सहकर्मी के साथ मारपीट की घटना देखते हुए वहां दूसरी महिलाकर्मी पहुंची और बचाव किया। युवक के साथियों ने भी टोल प्लाजा पर उत्पात मचाया और तोड़फोड़ की। यही नहीं, युवक ने महिलाकर्मी को जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजकुमार गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी केस दर्ज किया गया है। फ़िलहाल आरोपी की तलाश ज़ारी है। महिला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सात महिला कर्मचारियों वाले टोल बूथ पर कोई गार्ड नहीं है। ऐसे में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH