पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार को सियासी गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रमों को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। दोनों नेता एक ही दिन मेरठ में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी जहां पूर्व सैनिकों के बीच पहुंचेंगे, वहीं ओवैसी नौचंदी मैदान में जनसभा कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
ओवैसी की इस रैली को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन के ऐलान के बाद यह यूपी में उनका पहला बड़ा कार्यक्रम है। एआईएमआईएम का दावा है कि जनसभा में पश्चिमी यूपी के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
मेरठ में पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ के छावनी क्षेत्र स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम केवल मेरठ तक सीमित नहीं रहेगा। वह हापुड़ और अलीगढ़ का भी दौरा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम योगी लखनऊ से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर जाएंगे।
गढ़मुक्तेश्वर में गंगा मेले की तैयारियों का लेंगे जायजा
सीएम योगी गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित होने वाले पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। इस दौरान वह कच्चा घाट, लठीरा और गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देंगे।
नौचंदी मैदान में ओवैसी भरेंगे हुंकार, गठबंधन के बाद पहला बड़ा कार्यक्रम
दूसरी ओर, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मेरठ के नौचंदी मैदान में जनसभा करेंगे। इस रैली को लेकर पार्टी की ओर से तैयारियां की गई हैं। एआईएमआईएम नेताओं का दावा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में सभा में पहुंचेंगे। मेरठ में मुस्लिम आबादी की अच्छी-खासी हिस्सेदारी होने के कारण ओवैसी की इस रैली को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन के बाद ओवैसी पहली बार इस क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम करने जा रहे हैं।
ओवैसी और चंद्रशेखर ने बनाया ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’
दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। दोनों दलों ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। इस गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। ओवैसी का कहना है कि यह गठबंधन प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगा और बीजेपी को सत्ता में वापसी करने से रोकने की कोशिश करेगा।
युवाओं, किसानों और पिछड़े वर्गों के मुद्दे उठाएंगे ओवैसी
गठबंधन का ऐलान करते हुए ओवैसी ने कहा था कि प्रदेश में लंबे समय से वंचित और पिछड़े समुदायों को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया जाता रहा है। युवाओं के सामने बेरोजगारी की समस्या है, जबकि किसानों के कई मुद्दे अब भी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर प्रदेश की जनता के हितों के लिए काम करेंगे। ओवैसी के मुताबिक, चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में सरकार बनने पर राज्य में वास्तविक बदलाव लाने की कोशिश की जाएगी। अब मेरठ में होने वाली इस रैली पर राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम है, तो दूसरी ओर ओवैसी गठबंधन की ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में शनिवार को हलचल तेज रहना तय माना जा रहा है।




