लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने Gen Z और Gen Alpha पीढ़ी के युवाओं के लिए एकीकृत नई यूथ पॉलिसी तैयार करने की घोषणा की है। इस नीति के जरिए युवाओं को कौशल विकास, नवाचार और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। नीति में प्रदेश के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों, स्टार्टअप उद्यमियों समेत विभिन्न वर्गों के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने युवाओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, साइबर सिक्योरिटी, एग्रीटेक, फिनटेक और रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में तेजी से काम किया है। इससे प्रदेश में निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
हर युवा के हाथ में स्किल और रोजगार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर युवा को कौशल, नवाचार और रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि सीएम युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज और गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं की क्षमताओं और संभावनाओं को नई दिशा देने के लिए सरकार जल्द ही नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। इसके माध्यम से युवाओं के स्किल, इनोवेशन और एम्प्लॉयमेंट को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ मजबूत किया जाएगा।
युवाओं के लिए संचालित योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में युवाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने सीएम युवा उद्यमी योजना, ऑपरेशन कायाकल्प और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना समेत कई योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में करीब 9 लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि लगभग 4 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। इसके अलावा प्रदेश में 22 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित होने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। नई यूथ पॉलिसी के जरिए सरकार का फोकस युवाओं को पारंपरिक रोजगार के साथ-साथ तकनीक, स्टार्टअप और नए दौर की अर्थव्यवस्था से जुड़े क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराने पर रहेगा।




