EntertainmentTop News

जालंधर में भीषण सड़क हादसा, हनी सिंह के भतीजे समेत दो युवकों की मौत

जालंधर: पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान विदित ओलाक और आरव तलवार के रूप में हुई है. विदित मशहूर गायक यो यो हनी सिंह के भतीजे और पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश के बेटे थे. वहीं, आरव शहर के चर्चित कारोबारी और पैपी स्वीट्स के मालिक के बेटे थे.

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद कार से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पुलिस लाइन्स के पास फ्लाईओवर पर उनकी कार नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की जान चली गई.

फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी कार

पुलिस के अनुसार, हादसा बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ. दोनों युवक वोक्सवैगन कार में सवार थे. उस समय नगर निगम के कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई का काम कर रहे थे. कचरा इकट्ठा करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी थी. इसी दौरान तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई.

बारादरी थाने के एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को रविवार सुबह करीब तीन बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की. हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग सवार थे. इनमें से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग सुरक्षित बच गए.

परिजनों ने नहीं कराई कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं. पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने मामले में आगे कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिवार को सौंप दिए गए.

विदित ओलाक के निधन की खबर सामने आने के बाद गायक यो यो हनी सिंह ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी साझा की. हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है. वहीं, स्थानीय स्तर पर भी इस दुर्घटना को लेकर दुख जताया जा रहा है.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH