प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम दोपहर करीब 3:45 बजे शुरू होने की संभावना है। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी किसानों, पशुपालन, डेयरी, लाइवस्टॉक, रेलवे और आधारभूत संरचना से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की सौगात जनता को देंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करना है।
प्रधानमंत्री कार्यक्रम के दौरान जनसभा को भी संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वह केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए लाभार्थियों से संवाद कर सकते हैं। साथ ही पश्चिम बंगाल के विकास को लेकर केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डालेंगे। राजनीतिक दृष्टि से भी प्रधानमंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य में बदलते राजनीतिक समीकरणों और आगामी चुनावी तैयारियों के बीच इस कार्यक्रम को खास नजरिए से देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
पश्चिमबंग दिवस पर पीएम मोदी का संदेश
पश्चिमबंग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में उन्होंने पश्चिम बंगाल के साहित्य, संगीत, कला, आध्यात्मिकता, विज्ञान, व्यापार और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में योगदान की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने समय-समय पर भारत की राष्ट्रीय चेतना को समृद्ध किया है और देश के इतिहास को गहराई से प्रभावित किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 20 जून का दिन पश्चिम बंगाल के इतिहास में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन यह सुनिश्चित हुआ था कि पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न हिस्सा बना रहे।
पीएम मोदी ने इस संदर्भ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को अमूल्य बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती भी मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करेंगी तथा राज्य की निरंतर प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करेंगी।




