मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक महिला ने एक व्यक्ति पर पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देने और धर्म परिवर्तन कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा निवासी महिला गुरुवार को हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपा। महिला का आरोप है कि वर्ष 2016 में एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव निवासी अशफाक से हुई थी। महिला का दावा है कि आरोपी ने अपना नाम राजू उर्फ राजीव बालियान बताकर उससे संपर्क बढ़ाया। पीड़िता के अनुसार, वह विधवा है और बच्चों के पालन-पोषण के लिए सहारे की तलाश में थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसे प्रेम संबंध में फंसाया और बाद में अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर शादी कर ली। महिला का आरोप है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके पांच बच्चे हैं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया तथा उसके साथ धोखाधड़ी कर नोएडा स्थित उसका फ्लैट भी बिकवा दिया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसके साथ छल कर उसे आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अशफाक उर्फ राजू उर्फ राजीव बालियान सहित अन्य नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले में भोपा क्षेत्राधिकारी (सीओ) लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा निवासी महिला द्वारा शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने और धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर थाना भोपा में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




