Top NewsUttar Pradesh

अयोध्या दौरे पर सीएम योगी, जैन महोत्सव से लेकर रामायण वैक्स म्यूजियम तक देंगे विकास और संस्कृति की सौगात

अयोध्या। धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में उभर रही रामनगरी अयोध्या शुक्रवार को एक बार फिर महत्वपूर्ण आयोजनों और विकास परियोजनाओं की साक्षी बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने अयोध्या दौरे के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ पर्यटन और शहरी विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत दोपहर करीब 3:30 बजे श्री ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर करेंगे। जैन धर्म में पंचकल्याणक का विशेष महत्व है, जो तीर्थंकरों के जीवन के पांच प्रमुख चरणों—गर्भ, जन्म, तप, केवलज्ञान और मोक्ष—की स्मृति में आयोजित किया जाता है।

अयोध्या को प्रथम जैन तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव की जन्मस्थली माना जाता है, जिसके कारण जैन समाज के लिए इस नगरी का विशेष धार्मिक महत्व है। महोत्सव में देशभर से आए संतों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच मुख्यमंत्री का सहभाग धार्मिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देगा। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 4:20 बजे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर देशभर के संत, महंत और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अयोध्या के पर्यटन विकास को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे। शाम करीब 5:10 बजे कांशीराम कॉलोनी के निकट लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण किया जाएगा। यह म्यूजियम देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए नया आकर्षण केंद्र बनेगा। सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मुख्यमंत्री नगर निगम अयोध्या की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। इन योजनाओं के जरिए शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और अयोध्या के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH