लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक बैंक अधिकारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। बाद में उसने अपनी बहन की भी हत्या कर ली और खुद को गोली मार ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैंक के बाहर पत्नी को मारी गोली
घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:15 बजे गोमती नगर स्थित ICICI बैंक की एक शाखा के बाहर हुई। मृतका की पहचान 37 वर्षीय दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है, जो बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस के मुताबिक, दिव्या अपनी कार में थीं। तभी उनके पति मानस बाजपेयी वहां पहुंचे और उन्हें कार से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ बातचीत और विवाद हुआ, जिसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। दिव्या को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिव्या और मानस के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। बैंक कर्मचारियों को जब विवाद की जानकारी हुई तो वे बाहर आए, लेकिन गोली चलने के बाद सभी कर्मचारी वापस बैंक के अंदर चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मानस कथित तौर पर बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो से बैंक के बाहर पहुंचा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात की पहले से योजना बनाई गई थी या नहीं। दिव्या के कुछ सहकर्मियों ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी मानस के व्यवहार को लेकर चिंतित थीं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मानस ने उनका पीछा करने की कोशिश की थी। हालांकि, इस संबंध में कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
पत्नी की हत्या के बाद घर पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद मानस हुसड़िया चौराहा स्थित अपने घर पहुंचा। वहां उसने कथित तौर पर व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए पत्नी की हत्या की बात लिखी और अपनी बहन को भी नुकसान पहुंचाने की बात कही। इसके बाद घर में उसकी बहन की भी मौत हो गई और मानस ने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने घर से दोनों के शव बरामद किए हैं। मौके से हथियार भी बरामद किया गया है। पड़ोसी अंकुर के मुताबिक, मानस और दिव्या की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और दोनों पिछले करीब डेढ़ साल से अलग रह रहे थे। पुलिस अब वैवाहिक विवाद, वारदात की वजह और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गाजियाबाद में युवा बॉक्सर की मौत मामले में भी CCTV सामने आया
वहीं, गाजियाबाद के कवि नगर स्थित महागुणपुरम सोसाइटी में 18 वर्षीय युवा बॉक्सर प्रथम सिंह की मौत के मामले में भी पुलिस को अहम CCTV फुटेज मिला है। फुटेज में प्रथम सिंह एक लड़की की सोसाइटी में जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रथम की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।




