Sports

चयन समिति के सदस्य बने संगकारा

4098038759कोलंबो। भारत की मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप से ठीक एक दिन पहले श्रीलंका क्रिकेट में बदलाव देखने को मिला है। देश के खेल मंत्री दयाशिरि जयासेकरा ने पुरानी चयन समिति को हटाकर पूर्व कप्तान अरविन्दा डी सिल्वा की आगुआई में नई चयन समिति का गठन किया है। इस समिति में कुमार संगकारा को भी शामिल किया गया है। समिति में पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज रमेश कालुवितर्णा को भी जगह मिली है। इनके अलावा पूर्व ऑफ स्पिनर रंजिथ मदुरासिंघे और ललिथ कालुपेरुमा को भी चयन समिति में शामिल किया गया है।

जयसेकरा ने कहा है कि नई चयन समिति का कार्यकाल 30 अप्रैल तक रहेगा। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने जारी एक बयान में कहा है, न्यूजीलैंड, भारत और एशिया कप में टीम के बुरे प्रदर्शन और चयन प्रक्रिया में अनियमितता के बाद खेल मंत्री ने नई चयनसमिति का गठन किया है। नई चयनसमिति का कार्यकाल तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। समिति टी-20 विश्व कप के लिए टीम के भारत जाने से पहले नई टीम की घोषणा करेगी।

समिति में संगकारा का चयन अचरज की बात है। उन्होंने सात महीने पहले ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। वह कई देशों की घरेलू लीग में अभी भी खेल रहे हैं। इस बदलाव को बोर्ड और पुरानी चयन समिति के बीच चल रहे विवाद के रूप में भी देखा जा रहा है। पुरानी चयन समिति के अध्यक्ष कपिला विजयगुणावर्धने थे। कपिला का मानना था कि उन्हें टीम चुनने में पूरी आजादी नहीं दी जा रही है।

=>
=>
loading...