National

भाजपा की मांग, उत्तराखंड सरकार हो बर्खास्त

20160316386262

नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि उत्तराखंड में हरीश रावत के नेतृत्व वाली सरकार ने विधायकों का विश्वास खो दिया है, इसलिए उसे बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए। भाजपा ने कहा कि वह उत्तराखंड में सरकार बनाने और साथ ही साथ विधानसभा का मध्यावधि चुनाव का सामना करने के लिए भी तैयार है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “राज्यपाल को उत्तराखंड सरकार को वर्खास्त कर देना चाहिए। सरकार ने विधायकों का विश्वास खो दिया है, इसलिए उसे बने रहने का कोई नैतिक आधार नहीं है।”

शुक्रवार की देर रात ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के तहत उत्तराखंड के सभी भाजपा विधायकों के साथ कांग्रेस के नौ विधायक भी विशेष चार्टर्ड विमान से दिल्ली आए। इन लोगों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी श्याम जाजू और कांग्रेस के बागी वरिष्ठ नेता विजय बहुगुणा भी थे। विजयवर्गीय ने कहा कि रावत सरकार अल्पमत में आ गई है, इसलिए राज्यपाल को चाहिए कि वह सरकार को बर्खास्त कर दें। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “हमलोग प्रदेश में नई सरकार के गठन और साथ ही साथ मध्यावधि चुनाव के लिए भी तैयार हैं।”

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कांग्रेस नीति उत्तराखंड सरकार उस समय राजनीतिक अनिश्चितता की स्थिति में पहुंच गई, जब कांग्रेस के नौ विधायक प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा खेमे में चले गए। राजनीतिक उथल-पुथल उस समय शुरू हुई जब वित्त विधेयक पारित कराने के लिए विधानसभा में पेश किया गया। उस समय कांग्रेस के बागी विधायकों को यह साबित करने का मौका मिल गया कि रावत सरकार अल्पमत में है। राज्य के कृषि मंत्री हरक सिंह रावत के नेतृत्व में कांग्रेस के बागी विधायक सदन में भाजपा खेमे में चले गए।

लेकिन विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने वित्त विधेयक को पारित घोषित कर दिया, जिस पर सदन में भारी हंगामा हुआ। इस घटना के बाद कृषि मंत्री हरक सिंह रावत ने हरीश रावत के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। विदित हो कि विजय बहुगुणा के बाद हरक सिंह रावत भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे। लेकिन हरीश रावत गोटी लाल करने में सफल रहे। राजनीतिक घटनाक्रमों में अचानक आए बदलाव के बाद भाजपा के 27 और कांग्रेस 9 विधायक राजभवन जाकर राज्यपाल के.के. पॉल से मुलाकात की और प्रदेश की कांग्रेस नीति सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

=>
=>
loading...