Sports

कृष्णा, अखिल, जफर, मुराद ने दी भारतीय टीम को शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)| मुक्केबाज अखिल कुमार, पूर्व हॉकी खिलाड़ी जफर इकबाल, पूर्व निशानेबाज मुराद अली और चक्का फेंक खिलाड़ी कृष्णा पूनिया ने अगले महीने से आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए जा रहे भारतीय दल को अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि खेलों में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ी देश का मान बढ़ाएंगे। यह सभी खिलाड़ी सोनी पिक्चर्स नेटवर्क (एसपीएन) और दिल्ली खेल पत्रकार संघ (डीएसजीए) द्वारा आयोजित एक समारोह में शिरकत करने आए थे।

सोनी नेटवर्क इन खेलों का भारत में प्रसारण करेगा। भारत के कुल 225 खिलाड़ी चार साल में एक बार होने वाले इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं।

2006 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाले मुक्केबाज अखिल कुमार ने कहा कि इस बार कई खिलाड़ी इन खेलों में वो उपलब्धि हासिल कर सकते हैं जो उन्होंने पहले नहीं की।

अखिल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, मैं सभी को अपनी तरफ से अच्छे प्रदर्शन की शुभकामनाएं देता हूं। इन खेलों में मुझे मनोज कुमार से बड़ी उम्मीद है। उनके पास राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार स्वर्ण जीतने वाले मुक्केबाज बनने का सुनहरा मौका है। उन्होंने 2010 में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं मुझे विकास, मैरी कॉम से भी स्वर्ण की उम्मीद है।

पूर्व हॉकी खिलाड़ी जफर इकबाल ने कहा कि भारत की पुरुष व महिला हॉकी टीमें संतुलित हैं और ऐसे में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

जफर ने कहा, खेल अब काफी मुश्किल हो गया है, लेकिन हमारी टीमें तैयारी कर चुकी है। हमारी पुरुष और महिला टीमें संतुलित हैं। राष्ट्रमंडल खेल बड़े खेल हैं। मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं।

चक्का फेंक में राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पहला स्वर्ण दिलाने वाली महिला खिलाड़ी कृष्णा पूनिया ने कहा कि अगर खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान देंगे तो वह जरूर अच्छा करेंगे और पदक जीत कर लाएंगे।

2010 में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाली कृष्णा ने कहा, मैं हमेशा अपने सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करती थी क्योंकि खिलाड़ी जब अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता है तो वह पदक जीतने के करीब होता है। मैं सभी खिलाड़ियों से यही कहूंगी कि वो अपने प्रदर्शन पर ध्यान दें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करें।

2002 में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज मुराद अली का मानना है कि इस समय देश के युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और ऐसे में उनसे पदक की काफी उम्मीदें हैं।

उन्होंने कहा, युवा निशानेबाज काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, हालांकि हम इस खेल में वर्ल्ड लीडर नहीं हैं लेकिन भारत के इन खेलों में ज्यादा से ज्यादा पदक जीतने की अच्छी संभावना है। मुझे लगता है कि भारत जिन खेलों में हिस्सा ले रहा है, उसमें 80 फीसदी में हम पदक जीत कर लौटेंगे। पदक का रंग कुछ भी हो सकता है। इस समय देश में खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ गई है। पहले निशानेबाजी में दो-तीन खिलाड़ी हुआ करते थे, लेकिन अब हर स्पर्धा के लिए कम से कम 10 खिलाड़ी मौजूद हैं। जिस तरह का समर्थन निशानेबाजों को मिल रहा है, यह उसी से संभव हुआ है।

सोनी पिक्चर्स ने इन खेलों के लिए ‘रंग दे तिरंगा’ नाम से मुहिम भी चलाई है। चैनल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपणन व ओएपी, केदार तेनी ने कहा, रंग दे तिरंगा मुहिम एसपीएन की मुहिम है जो भारतीय खेल प्रशंसकों की भावनाओं को जगाती है और उन्हें तिरंगे का समर्थन करने को कहती है। यह बहु-खेलों की संस्कृति को आगे बढ़ाती है। हमारा मकसद खेल प्रशंसकों को करीब लाना है।

=>
=>
loading...