Business

आंध्र में अशोक लेलैंड के नए बस संयंत्र का निर्माण शुरू

नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)| हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लेलैंड ने शनिवार को आंध्र प्रदेश में अपने बस संयंत्र के निर्माण की शुरुआत की घोषणा की। कंपनी ने एक बयान में कहा कि एक ऐसी ग्रीनफील्ड फैक्ट्री पर काम शुरू कर दिया गया है, जो आंध्रप्रदेश में अशोक लेलैंड का पहला संयंत्र होगा। कृष्णा जिले के मल्लवल्ली गांव के मॉडल औद्योगिक पार्क में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और अशोक लेलैंड के प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनोद के. दासारी ने संयंत्र के निर्माण की आधारशिला रखी।

बयान में कहा गया कि विजयवाड़ा से 40 किलोमीटर दूर आंध्रप्रदेश के कृष्णा जिले में स्थित यह अशोक लीलैंड संयंत्र 75 एकड़ में फैला होगा और इसमें अशोक लेलैंड ब्रांड के उच्च गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के लिए नवीनतम तकनीक शामिल होगी। एक बार पूर्ण रूप से तैयार हो जाने के बाद संयंत्र प्रतिवर्ष 4800 बसों का उत्पादन करने में सक्षम होगा और इसमें एक अत्याधुनिक लर्निग सेंटर और एक उन्नत सेवा प्रशिक्षण केंद्र भी तैयार किया जाएगा।

कंपनी ने कहा कि इस संयंत्र की स्थापना से आंध्र प्रदेश रोजगार के लिए तैयार कार्यबल के कौशल स्तर में वृद्धि करने में मदद मिलेगी और इसमें 5,000 से ज्यादा कर्मचारियों को रोजगार देने की क्षमता होगी। इसमें अशोक लेलैंड ब्रांड की पूरी रेंज बनाने की क्षमता होगी, इस सुविधा में एक इलेक्ट्रिक वाहन विकास केंद्र भी शामिल होगा, जिसमें फ्यूचरिस्टिक कन्वेयर लाइन, पायलट असेंबली लाइन और प्रोटोटाइप विकास शामिल हैं। यह एक पूर्ण पर्यावरण हितैषी फेसिलिटी होगी, जिसमें छत पर सौर पैनल, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, संयंत्र में आने-जाने के लि बैटरी चालित वाहन, पॉजिटिव वाटर बैलेंस और जीरो डिस्चार्ज आदि शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा, आज हमारे लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। हम अशोक लेलैंड जैसी स्थापित कंपनी की ओर से आंध्र प्रदेश में एक फैक्ट्री की स्थापना को लेकर उत्साहित हैं। यह हमारे तेजी से विस्तार कर रहे विनिर्माण केंद्र के लिए एक और उपलब्धि है। यह कारखाना न केवल हमारे युवाओं को रोजगार प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र में हमारे लोगों के कौशल स्तर और समग्र अर्थव्यवस्था में सुधार करने में मदद करेगा।

अशोक लेलैंड के अध्यक्ष धीरज जी. हिंदुजा ने कहा, हिंदुजा ग्रुप को गर्व है कि इसकी प्रमुख कंपनी अशोक लेलैंड ने अपने नवीनतम संयंत्र के लिए आंध्र प्रदेश जैसे जीवंत राज्य को चुना है। अशोक लेलैंड देश में जन-गतिशीलता के मामले में सबसे आगे रहा है। इस नए संयंत्र के साथ, हम भविष्य के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।

अशोक लेलैंड के प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनोद के. दासारी ने कहा, यह सुविधा हमें वक्त से आगे रहने में मदद करेग। इससे हम न केवल बस बॉडी कोड के क्रियान्वयन की तत्परता सुनिश्चित करेंगे, बल्कि उपयोग के लिए तैयार, फुल-बिल्ट ट्रक की बढ़ती मांग को भी पूरा कर सकेंगे। हम इस संयंत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन भी करेंगे। मध्य, पूर्व और दक्षिणी भारत के बाजारों की मांगों को पूरा करने के लिए यह नया संयंत्र रणनीतिक रूप से बिलकुल सही जगह तैयार किया जा रहा है।

=>
=>
loading...