IANS News

कांग्रेस पर हिंदू धर्म को बदनाम करने का भाजपा का आरोप

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ‘भगवा आतंक’ शब्द गढ़कर हिंदू धर्म को बदनाम किया है और इसके साथ ही भाजपा ने राहुल गांधी व सोनिया गांधी से माफी की मांग की।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यह मांग विशेष एनआईए अदालत द्वारा मक्का मस्जिद बम विस्फोट मामले में सभी पांचों आरोपियों को दोषमुक्त किए जाने के बाद की।

पात्रा ने मीडिया से कहा, आज फैसले के बाद कांग्रेस का चेहरा सामने आ गया है।

कांग्रेस की निंदा करते हुए भाजपा नेता ने कहा, एक पूर्व अधिकारी आर.वी.एस. मणि ने आज मीडिया से कहा कि गृहमंत्री (पी.चिदंबरम) फाइलों को बदलने में शामिल थे।

उन्होंने कहा, सच्चाई को छिपाने के लिए, सच को बदलने के लिए और जो भी कुछ था, उसे बदलने के लिए अदालत में पहले ही हलफनामा जमा किया गया था। चिदंबरम व कांग्रेस में अन्य लोग भगवा आतंकवाद को साबित करने के लिए यही करते आ रहे थे।

उन्होंने कहा, राहुल गांधी व सोनिया गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय राजनीति पर नजर रखने वालों को 2013 का कांग्रेस का जयपुर सम्मेलन याद आ रहा होगा, जिसमें तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी, तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व राहुल गांधी मंच पर आसीन थे।

पात्रा ने कहा, तत्कालीन गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में भगवा आतंकव शब्द का इस्तेमाल किया। इसके जरिए उन्होंने सदियों पुराने हिंदू धर्म को बदनाम किया।

उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ नेता चुप रहे।

पात्रा ने कहा कि ‘हिंदू आतंक’ का सबसे पहले इस्तेमाल चिदंबरम ने 2010 में किया था।

उन्होंने कांग्रेस के सालों से तुष्टीकरण की राजनीति में शामिल रहने को लेकर निंदा की।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं के अदालत के फैसले पर दोहरे मानदंड अपनाने को लेकर हमला किया।

कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला करते हुए पात्रा ने कहा, राहुलजी क्या यह सही नहीं है कि आप ने अमेरिकी राजदूत से मुलाकात की और उनसे कहा कि हम सिमी (स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया) से नहीं डरते, लेकिन हम हिंदुओं से डरते हैं।

शिंदे पर हमला करते हुए संबित ने कहा, तुष्टीकरण की राजनीति के शिखर पर 2013 में शिंदे ने सभी मुख्यमंत्रियों को किसी भी निर्दोष मुस्लिम युवा को गिरफ्तार नहीं करने की नोटिस भेजी थी।

संबित ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस 2014 का लोकसभा चुनाव हार गई।

=>
=>
loading...