IANS News

उप्र : पति की हत्या में पत्नी व प्रेमी गिरफ्तार

एटा, 18 मई (आईएएनएस/आईपीएन)। जनपद के थाना रिजोर पुलिस ने चार दिन पूर्व हुए संजीव शाक्य हत्याकांड का खुलासा कर मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने निशादेही पर कत्ल में इस्तेमाल किया चाकू भी बरामद कर लिया है।

एडिशनल एसपी संजय कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि बीती 14 मई को थाना रिजोर स्थित भोला कृषि फार्म कुरीना दौलतपुर मोड़ पर बाउंड्री के अंदर एक अज्ञात युवक का शव नग्न अवस्था मिला था, जिसका प्राइवेट पार्ट भी काटा गया था।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए। काफी कोशिशों के बाद 15 मई को पुलिस ने मृतक के पिता की मदद से शव की पहचान फिरोजाबाद के नगला भूड़ निवासी संजीव शाक्य उर्फ बालकराम के रूप में की। साथ ही पिता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में रामू उर्फ रंजीत, राजेश शाक्य व संजीव शाक्य की पत्नी गायत्री प्को नामजद कर लिया।

एएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थानाध्यक्ष रिजोर जितेंद्र सिंह भदौरिया ने गुरुवार शाम मुखबिर की सूचना पर बक्शीपुर तिराहा एटा-शिकोहाबाद रोड से मृतक की पत्नी गायत्री और उसके प्रेमी रामू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकारा और बताया कि उनके बीच करीब 5 वर्ष से प्रेम संबंध थे, जिसकी भनक गायत्री के परिजनों को लगी तो उन लोगों ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी शादी संजीव शाक्य से कर दी। इसके बाद भी दोनों के बीच रिश्ता बना रहा और रामू खुद को गायत्री का रिश्तेदार बताकर संजीव की गैर मौजूदगी में अपने साथी राजेश के साथ गायत्री से मिलने उसकी ससुराल आने-जाने लगा।

एएसपी ने बताया कि आरोपियों के मुताबिक एक दिन गायत्री के ससुर ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और रामू को खरी-खोटी सुनाकर घर से निकाल दिया। आरोपियों ने बताया कि उसी दिन से रामू व गायत्री ने राजेश के साथ मिलकर संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाना शुरू कर दिया था। 13 मई को योजनाबद्ध तरीके से गायत्री दवा लेने के बहाने संजीव के साथ बाइक से एटा आई, जहां रामू, राजेश तथा गायत्री ने मिलकर संजीव को पहले कोल्डड्रिंक में नशे की गोलियां मिलाकर पिला दी। फिर नशे की हालात में ऑटो से कुरीना दौलतपुर मोड़ ले जाकर चाकू से उसका गला रेत कर हत्या कर दी। प्राइवेट पार्ट भी काट डाला और शव को वहीं भोला कृषि फार्म की बाउंड्री के अंदर फेंक दिया।

इसी दौरान रामू का मोबाइल कहीं गिर गया। उसके बाद बाइक से तीनों एटा आए, जहां से गायत्री और रामू दिल्ली भाग गए तथा राजेश संजीव की मोटरसाइकिल लेकर अपने गांव चला गया। पुलिस ने उनकी निशादेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। वहीं फरार आरोपी राजेश शाक्य की तलाश कर रही है।

एससपी ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करने वाली टीम को 15000 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

=>
=>
loading...