IANS News

छग : दंतेवाड़ा में नक्सलियों का हमला, 6 जवान शहीद

जगदलपुर, 20 मई (आईएएनएस/वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रविवार सुबह नक्सलियों द्वारा लगाए गए बारूदी सुरंग की चपेट में आने से पुलिस के छह जवान शहीद हो गए। शहीदों में पांच छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और एक जिला पुलिस का जवान है। एक जवान गम्भीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है।

दक्षिण बस्तर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक रतन लाल डांगी ने कहा, किरन्दुल चोलनार मार्ग पर सड़क निर्माण का काम चल रहा है, जहां श्रमिकों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और जिला पुलिस का संयुक्त पुलिस बल किरन्दुल से कार्यस्थल की ओर रवाना हुआ था। चोलनार जंगल में नक्सलियों ने जवानों के रास्ते में बारूदी सुरंग लगा दिया था, जिसकी चपेट में जवानों का वाहन आ गया। पांच जवानों की मौत घटनास्थल पर हो गई। घायल हुए दो जवानों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से एक जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक का इलाज चल रहा है।

उन्होंने कहा कि शहीद जवानों में जिला पुलिस बल के हेड कांस्टेबल राम कुमार यादव, कांस्टेबल टीकेश्वर ध्रुव, सहायक कांस्टेबल सालीगराम विक्रम यादव, कांस्टेबल राजेश सिंह और कांस्टेबल वरिन्द्र नाथ शामिल हैं। वहीं कांस्टेबल अर्जुन राजवर गंभीर रूप से घायल हैं। घायल जवान को प्राथमिक उपचार बचेली के अपोलो अस्पताल में दिया गया। बाद में इन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि विस्फोट इतना तेज था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और जमीन पर दस फीट का गहरा गड्ढा हो गया। वाहन में कुल सात जवान सवार थे। नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर ले गए हैं। जिनमें दो एके 47, दो इंसास और दो एसएलआर रायफल शामिल हैं।

ज्ञात हो कि आगामी 22 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री रमन सिंह बचेली में विकास यात्रा और आम सभा करने वाले हैं।

=>
=>
loading...