IANS News

राज्यों को मिले 15 साल पुराने वाहनों पर रोक का अधिकार : सुशील मोदी

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)| बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकारों को 15 साल से ज्यादा पुराने वाहनों पर रोक लगाने का अधिकार दिया जाना चाहिए। सुशील कुमार मोदी यहां विश्व पर्यावरण दिवस से एक दिन पहले सोमवार को विज्ञान भवन में आयोजित राज्य पर्यावरण मंत्री सम्मेलन में बोल रहे थे। राज्य में पर्यावरण मंत्रालय का जिम्मा सुशील कुमार मोदी के पास ही है।

उन्होंने इस मौके पर कहा, देश की राजधानी दिल्ली की तर्ज पर अन्य राज्यों में भी 15 साल से ज्यादा पुराने वाहनों पर रोक लगाया जाना चाहिए। इसके लिए मोटर वाहन अधिनियम में राज्य सरकारों को भी अधिकार मिलना चाहिए।

सम्मेलन में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन सचिव सी. के. मिश्रा के अलावा विभिन्न राज्यों के पर्यावरण मंत्री व अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के कार्यकारी निदेशक एरिक सोल्हीम भी मौजूद थे।

बिहार के उपमुख्यमंत्री ने कहा, क्या 50 माइक्रोन से कम के प्लास्टिक की थैलियों के इस्तेमाल के बजाय इसके उत्पादन पर ही रोक नहीं लगाई जा सकती है?

गौरतलब है कि राष्ट्रीय हरित अभिकरण (एनजीटी) ने पिछले साल ही दिल्ली में 50 माइक्रोन से कम के प्लास्टिक की थैलियों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया था। इसके अलावा कुछ राज्यों में भी 50 माइक्रोन से कम के प्लास्टिक की थैलियों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाई गई है।

सुशील कुमार मोदी ने बताया कि बिहार में ईंट भट्ठों से होने वाले वायु प्रदूषण रोकने के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा, राज्य में ईंट भट्ठों के लिए स्वच्छ प्रौद्योगिकी (जिगजैग प्रौद्योगिकी) को अनिवार्य किया गया है।

=>
=>
loading...